वृंदावन के परिक्रमा मार्ग स्थित गौरीगोपाल आश्रम में तैनात एक सुरक्षागार्ड पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज के निजी बाउंसर और एक अन्य सुरक्षाकर्मी पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र की बांके बिहारी चौकी अंतर्गत परिक्रमा मार्ग स्थित गौरीगोपाल आश्रम में सोमवार तड़के एक सुरक्षागार्ड पर कथित रूप से जानलेवा हमला किया गया। पीड़ित की पहचान संदीप भाटी निवासी पलवल, हरियाणा के रूप में हुई है, जो वर्तमान में पापड़ी चौराहा स्थित आश्रम की पार्किंग में रहकर निजी सुरक्षागार्ड के रूप में कार्यरत है।
पीड़ित संदीप भाटी के अनुसार सोमवार तड़के बरसाना निवासी मनोज, जो कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज का निजी बाउंसर बताया जा रहा है, और मोहन नामक एक अन्य सुरक्षाकर्मी उसके कमरे में पहुंचे। दोनों ने उस पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाया। विरोध करने पर आरोप है कि दोनों ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और लाठी-डंडों तथा धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल संदीप किसी तरह वहां से भागकर बाहर निकला और 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से घायल सुरक्षागार्ड वृंदावन कोतवाली पहुंचा, जहां उसने नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने घायल को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।