Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 18 May 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
दोस्त ही निकला कातिल, 24 घंटे में हत्या का खुलासा - अवैध संबंधों के शक में दोस्त की बेरहमी से हत्या

आगरा के थाना हरी पर्वत क्षेत्र स्थित पालीवाल पार्क में युवक का शव मिलने के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी अमूलराव वानखेडे को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने अपने दोस्त सोनू की हत्या अवैध संबंधों के शक में की थी।

पुलिस के मुताबिक मृतक सोनू आरोपी अमूलराव की पत्नी के करीब आने की कोशिश कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। घटना वाले दिन आरोपी सोनू को शराब पिलाने के बहाने अपने साथ ले गया।

बताया जा रहा है कि शराब पिलाने के बाद आरोपी ने सुनसान जगह पर सोनू के सिर पर हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। सिर कुचलने की वजह से मौके पर ही सोनू की मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए चालाकी दिखाई और परिजनों के साथ मिलकर सोनू की तलाश में जुट गया, ताकि किसी को उस पर शक न हो।

हालांकि पुलिस जांच में सीसीटीवी फुटेज, पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कई अहम सुराग मिले। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

गौरतलब है कि पालीवाल पार्क में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही थाना हरी पर्वत पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें लगाई गई थीं। पुलिस ने आरोपी अमूलराव वानखेडे को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल की गई शराब की बोतल समेत अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं।

थाना हरी पर्वत पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आगरा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Previous News

सरयू नदी में डूबे तीन किशोर, दो के शव बरामद - तीसरे किशोर की तलाश जारी, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

Next News

300 फीट गहरी खदान में गिरा ट्रक, 25 वर्षीय चालक की दर्दनाक मौत